- उत्तर प्रदेश में 1.19 करोड़ से अधिक कृषि प्लाटों का हो रहा डिजिटल सर्वे।
- बागपत, आजमगढ़, अमरोहा, बलरामपुर और गोंडा में शत प्रतिशत हुआ डिजिटल क्रॉप सर्वे।
- 50 फीसदी से कम सर्वे वाले जिलों के जिलाधिकारियों को सीएम की सख्त हिदायत।
- 25 सितंबर तक उत्तर प्रदेश के 54 जिलों में शत प्रतिशत डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा करने का लक्ष्य।
- हर सर्वेयर को प्रतिदिन पूरा करना है 50 प्लॉटों का सर्वे, डीएम खुद करेंगे मॉनीटरिंग।
कपिल देव सिंह, लखनऊ ब्यूरो, 16 सितंबर। उत्तर प्रदेश में किसानों के खेतों में उगी फसलों के डिजिटल सर्वे का कार्य हो रहा है।यूपी के सभी 75 जिलों में फसलों के सर्वे का कार्य चल रहा है। जिसमें से 54 जिलों के 10-10 राजस्व ग्रामों में क्रॉप सर्वे का कार्य तेज गति से हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 सितंबर तक इन 54 जिलों में फसल सर्वे के कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया है। फिलहाल इनमें से पांच जिलों में शत प्रतिशत क्राप सर्वे पूरा कर लिया गया है। जबकि 21 जिलों में सर्वे कार्य 90 फीसदी से अधिक पूरा हो चुका है। इसके अलावा 13 जिलों में 70 से 90 फीसदी,बाकी जिलों में 50 से 70 फीसदी सर्वे कार्य पूरा किया जा चुका है। जबकि दो जनपदों में धीमी कार्य प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई है। सीएम ने सभी जिलाधिकारियों को तेज गति से सर्वे पूरा कराने की सख्त हिदायत दी है।
*किसानों की खुशहाली की नई राह खोलेगा डिजिटल क्रॉप सर्वे*
बता दें कि मोबाइल एप के जरिए कृषि सहित अन्य विभागों के कर्मचारी खेतों में उगी फसलों का रिकॉर्ड तैयार कर रहे हैं। योगी सरकार इसके जरिए उत्तर प्रदेश में पैदा की जा रही फसलों का पूरा डेटा तैयार करा रही है। सर्वे के माध्यम से फसलों के जो आंकडे़ प्राप्त होंगे, उससे प्रदेश के किसानों के लिए योजना बनाने में बहुत सुविधा प्राप्त होगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों के जीवन में खुशहाली की नई राह खोलने का एक उपक्रम है।
*1.19 करोड़ से अधिक कृषि प्लॉटों का हो रहा डिजिटल क्रॉप सर्वे*
सर्वे के कार्य में लगे प्रत्येक सर्वेयर को प्रतिदिन 50 प्लॉटों का सर्वे करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी मॉनीटरिंग स्वयं जिलाधिकारी करेंगे। पूरे प्रदेश में इस कार्य में कुल 5764 सर्वेयर लगाये गये हैं, जिसमें 1437 कृषि विभाग, 2733 राजस्व विभाग और 1594 पंचायत सहायक हैं। इन्हें प्रदेश के 27641 ग्रामों में कुल 1.19 करोड़ से अधिक कृषि प्लॉटों का डिजिटल क्रॉप सर्वे करना है।
यूपी के किस जिले में सर्वे कार्य की कितनी प्रगति*
अपडेट आंकड़ों की बात करें तो बागपत, आजमगढ़, अमरोहा, बलरामपुर और गोंडा में सर्वे का कार्य शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा गाजीपुर, अंबेडकरनगर, सोनभद्र, बलिया, मुजफ्फर नगर, फतेहपुर, अलीगढ़, आगरा, हाथरस, बरेली, ललितपुर, मेरठ, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, अमेठी, सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर, श्रावस्ती, रायबरेली और महाराजगंज में सर्वे का कार्य 90 फीसदी से अधिक पूरा कर लिया गया है। इसी प्रकार बांदा, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, कानपुर नगर, रामपुर, सिद्धार्थनगर, उन्नाव, बदायूं, संभल, शामली, लखनऊ, बहराइच और कुशीनगर में सर्वे का कार्य 70 से 90 फीसदी पूरा हो चुका है। जबकि पीलीभीत, बिजनौर, मऊ, इटावा, मथुरा, कन्नौज, प्रयागराज, मैनपुरी, एटा, कासगंज, कानपुर देहात, सीतापुर और लखीमपुर खीरी में सर्वे कार्य 50 से 70 फीसदी के बीच पूरा हुआ है। वहीं मात्र दो जनपद हापुड़ और बाराबंकी में अभी भी 50 फीसदी से कम सर्वे कार्य हुआ है। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों के जिलाधिकारियों को सख्त हिदायत दिये हैं।